शिवपुरी। एक दिवसीय दौरे पर शिवपुरी आईं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कूनो पार्क में नामीबिया और अफ्रीका से आए चीतों की मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चीतों को भारतीय पर्यावरण रास नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि भारत में चीतों को यहां लाने का एक प्रयोग किया है। हम अभी भी सोच रहे हैं कि उन पर हमारा प्रयोग सफल रहे। साध्वी उमा भारती ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक नायाब हीरा बताया और कहा कि उन्हीं के कारण आज मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है। उमा भारती सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं।
चीता नहीं है भाजपा कार्यकर्ता जो अनुशासन में रहे
उमा भारती ने विस्तार से चीतों की मौत पर चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें जो वनस्पतियों की गंध अफ्रीका के जंगलों में मिलती है वहां जो खाद, मिट्टी विशेष प्रकार की होती है वह यहां के जंगलों में नहीं है। अफ्रीकी जंगलों की घास चीतों को रास आती है वह भी यहां नहीं है। वह अपने परिवार और परिवेश से बिछड़ गए हैं। इन कारणों से चीते आसानी से डिप्रेशन में चले जाते हैं जिसका कोई इलाज नहीं होता है। भारत ने चीतों को लाने का एक प्रयोग किया है। अफ्रीका के जंगलों में भी चीते मरते हैं हम सोच रहे हैं कि जितने चीते बचे हैं उन पर हमारा प्रयोग सफल रहे। इस सवाल के जवाब में साध्वी उमाभारती ने कहा कि चीता भाजपा का कार्यकर्ता नहीं है जो अनुशासन में बना रहे। उसे जंगल की गंध चाहिए और अपने इमोशन की आजादी।
अम्मा महाराज का सपना ज्योतिरादित्य ने पूरा किया
साध्वी उमा भारती ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की चर्चा करते हुए कहा कि वह भी अपने पिता की तरह कांग्रेस में थे, लेकिन कांग्रेस में ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्यार नहीं मिला। कांग्रेस उनका दिल नहीं जीत पाई। कांग्रेस ने उन्हें खोकर एक हीरा गवां दिया है। साध्वी उमा भारती ने कहा कि अम्मा महाराज राजमाता विजयाराजे सिंधिया अपने पुत्र को भाजपा में देखना चाहती थीं उनका यह सपना ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूरा कर दिया है इससे मुझे बहुत खुशी है।
पटवारी भर्ती परीक्षा घोटाले के आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा घोटाले के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले की पूरी जांच कराई जाएगी और यदि दोषी आरोपी भाजपा के नेता भी हुए तो उन्हें दण्डित किया जाएगा। भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ है।


