कांग्रेस पार्षद होने की सजा भुगत रही जनता
पार्षद सुनीता राजौरिया ने कहा कि नगर पालिका में बैठे भाजपा के नेता और अधिकारी जानबूझकर उन वार्डों की अनदेखी कर रहे हैं जहाँ कांग्रेस के पार्षद हैं। उन्होंने कहा कि हनुमानगंज डाणा की गलियों और सामुदायिक भवन के सामने व वार्ड की अन्य गलियों में घुटनों तक गंदा पानी भरा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, लोगों के घरों में नालियों का पानी घुस रहा है, लेकिन भाजपा शासित नगरपालिका कुंभकर्णी नींद सोई है। पार्षद ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार मौखिक और लिखित अवगत कराया गया, किंतु सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। अधिकारियों के पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण सफाई अमला यहाँ काम करने से कतराता है, जिसके चलते आज पूरे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
पार्षद सुनीता राजौरिया ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर नालियों की व्यापक सफाई शुरू नहीं की गई, तो वह वार्ड की जनता के साथ नगरपालिका कार्यालय का घेराव और उग्र प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने साफ किया कि जनता के हक और सम्मान की लड़ाई में वह किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।


