सामुदायिक पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य, पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा भोपाल में सम्मानित

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पिछोर अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रशांत शर्मा को सामुदायिक पुलिसिंग और आमजन से मजबूत जुड़ाव के लिए राजधानी भोपाल में सम्मानित किया गया। यह सम्मान मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने एक विशेष समारोह में प्रदान किया।

भोपाल में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम संबल-2026 के दौरान यह सम्मान दिया गया। कार्यक्रम की थीम सेलिब्रेटिंग सोशल वर्क इन क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम रखी गई थी, जिसमें देशभर के सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, न्यायपालिका के प्रतिनिधि और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के सदस्य शामिल हुए। यह कार्यक्रम 10 और 11 मार्च को भोपाल स्कूल ऑफ सोशल साइंस परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा, कमजोर वर्गों की सुरक्षा, न्याय सुलभता और सामाजिक संस्थाओं व पुलिस के बीच समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा को अपने क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी रूप से लागू करने, ग्राम एवं नगर रक्षा समितियों को सक्रिय करने तथा आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर ने कहा कि एसडीओपी प्रशांत शर्मा अपनी नियमित पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और क्षेत्र में पुलिस व जनता के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बने हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरी पुलिस टीम की है। उन्होंने बताया कि शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस टीम सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और आमजन को न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top