पिछोर (नीरज गुप्ता)। नगर में आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री टेकरी सरकार मंदिर प्रांगण से श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों माताएं-बहनों ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर भाग लिया। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आकर्षण का केंद्र बनी, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
मंदिर की विशेषता है कि यहां पिछले 30 वर्षों से अखंड ज्योति एवं रामचरितमानस पाठ निरंतर चल रहा है तथा हर वर्ष रामनवमी और हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाए जाते हैं। टेकरी पर स्थित यह प्राचीन मंदिर अपनी अद्भुत शिला पर उकेरी गई दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा के कारण विशेष आस्था का केंद्र है, जिसे चमत्कारी और सिद्ध माना जाता है। आसपास स्थित प्राचीन किला, मोती सागर तालाब और गौशाला इसकी धार्मिक महत्ता को और बढ़ाते हैं। इधर, गर्मी के मौसम को देखते हुए क्षेत्र में जनहित का बड़ा कदम उठाते हुए विधायक प्रीतम लोधी द्वारा पूरी विधानसभा में एक साथ निशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया। विश्राम गृह, विजासन मंदिर, बछरौन चौराहा, अस्पताल, कृषि मंडी, कॉलेज चौराहा, खनियाधाना, टेकरी सरकार मंदिर सहित कई प्रमुख स्थानों पर प्याऊ शुरू किए गए। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मिकेश पंसारी, आशीष चौधरी, रमेश शर्मा, सुनील लोधी, राजेश छिरोलिया, गौरव मिश्रा, राहुल खटीक, ब्रजमोहन लोधी, अशोक यादव, कृष्ण बिहारी गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।



