शिवपुरी। जिले में प्रशासनिक कसावट के तहत पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। एसपी अमन सिंह राठौड़ ने तीन निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कोतवाली थाना प्रभारी टीआई कृपाल सिंह राठौड़ को हटाकर बदरवास थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं बदरवास में पदस्थ टीआई रोहित दुबे को शहर की महत्वपूर्ण कोतवाली थाना की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक रवि चौहान को पोहरी थाने में पदस्थ किया गया है। इस बदलाव को प्रशासनिक आवश्यकता के साथ-साथ कार्यप्रणाली में सुधार और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से जोड़ा जा रहा है। खासतौर पर कोतवाली और बदरवास जैसे संवेदनशील थानों में नई नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी तत्काल अपने-अपने नए पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। अचानक हुए इस फेरबदल से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और नई तैनातियों से जिले की कानून व्यवस्था में और सख्ती आने की उम्मीद जताई जा रही है।


