शिवपुरी। बैराड़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और प्रोफेशनल जांच का शानदार प्रदर्शन करते हुए शादी समारोह में हुई लाखों की चोरी का महज 10 दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.25 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद किए हैं।
बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा के अनुसार, 10-11 मार्च को फरियादी संदीप पुत्र गोपाल धाकड़ उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम सहसराम थाना गसवानी जिला श्योपुर अपने साले संतोष धाकड़ की शादी में बैराड़ आया था। अधिक शराब पीने के कारण वह माता रोड स्थित कलारी के पीछे खुले स्थान पर सो गया। इसी दौरान अज्ञात चोर उसके गले से सोने की चेन और उंगली से अंगूठी चोरी कर ले गए। मामले में बैराड़ थाने में अपराध क्रमांक 117/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी तेज़ और सटीक कार्रवाई के चलते संदेही सोनू रावत उम्र 25 वर्ष पुत्र हक्के उर्फ हाकिम रावत निवासी बैराड़ एवं मंगल रावत उम्र 27 वर्ष पुत्र प्रयागसिंह रावत निवासी भदेरा बैराड़ को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गई सोने की चेन और अंगूठी बरामद कर ली गई। खास बात यह है कि दोनों आरोपी पहले से ही करीब दो दर्जन आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं, बावजूद इसके बैराड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, सउनि सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, आरक्षक रविन्द्र धाकड़, संदीप राठौर, अतरसिंह रावत एवं गिर्राज त्यागी की अहम भूमिका रही।


