भौंती पुलिस ने शिक्षक हत्याकांड के 10 हजार के इनामी मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। भौंती पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चर्चित शिक्षक कल्याण लोधी हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 10 हजार रुपये के इनामी फरार अपराधी मुरारी लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को भौंती पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में की गई। भौंती थाना पुलिस ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र के सहारे मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।

भौंती टीआई घनश्याम भदौरिया के अनुसार, 2 दिसंबर 2025 को फरियादी अमित लोधी निवासी ग्राम ऊमरीकला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके चचेरे भाई कल्याण लोधी और अनिल लोधी स्कूल से पढ़ाकर लौट रहे थे। तभी ग्राम गणेशखेड़ा वेयरहाउस के पास पुराने विवाद को लेकर मुरारी लोधी, रामजीलाल लोधी, नाहर सिंह, प्रदीप दुबे, सविता लोधी निवासी ऊमरीकला तथा जितेन्द्र उर्फ कल्ला लोधी निवासी सिल्लारपुर ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान मुरारी लोधी ने कट्टे से गोली चला दी, जो शिक्षक कल्याण लोधी को लग गई। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद थाना प्रभारी भौंती निरीक्षक घनश्याम भदौरिया और चौकी प्रभारी खोड़ उपनिरीक्षक कुसुम गोयल के नेतृत्व में विशेष टीम बनाकर लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार 15 मार्च 2026 को भौंती पुलिस ने मुख्य आरोपी मुरारी लोधी को दबोच लिया और उसे न्यायालय पिछोर में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में सउनि संजय भगत, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, प्रधान आरक्षक प्रहलाद सिंह यादव, आरक्षक ब्रजेश राणा, दुर्गाविजय रावत, गजेन्द्र शर्मा, पुष्पेन्द्र सिंह चौहान और पीकेश कुमार की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top