शिवपुरी। शिवपुरी में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर के दौरान आधुनिक चिकित्सा क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया गया। श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन और रोटरी क्षेत्रीय चिकित्सा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में पहली बार रोबोटिक तकनीक से सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। विशेष बात यह रही कि किसी स्वास्थ्य शिविर में इस प्रकार की अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी देश में पहली बार संपन्न हुई है।
इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया जिन्होंने स्वयं ऑपरेशन प्रक्रिया का अवलोकन किया और चिकित्सकों की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से विश्वस्तरीय चिकित्सा तकनीक को आमजन तक पहुंचाना एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को भी आधुनिक उपचार उपलब्ध हो सकेगा। शिविर में उपचार के लिए आए एक हर्निया पीड़ित मरीज का ऑपरेशन प्रसिद्ध सर्जन डॉ. मेहक भंडारी और उनकी टीम ने रोबोटिक तकनीक की सहायता से किया। यह सर्जरी अत्यंत सटीकता और दक्षता के साथ पूरी की गई। चिकित्सकों के अनुसार रोबोटिक सर्जरी मिनिमली इनवेसिव यानी कम चीरा लगाकर की जाने वाली आधुनिक पद्धति है, जिससे मरीज को कम दर्द होता है और वह जल्दी स्वस्थ हो सकता है। इस उपलब्धि को शिवपुरी जिले के लिए बड़ी चिकित्सा प्रगति माना जा रहा है, क्योंकि जिले में पहली बार इस स्तर की रोबोटिक सर्जरी की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस पहल से भविष्य में ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों के मरीजों को भी महानगरों जैसी उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। स्वास्थ्य शिविर में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं और बड़ी संख्या में मरीजों को आधुनिक जांच व उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही।


