शिवपुरी। करैरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने महज 2 घंटे में खुलासा कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि 6 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को ग्राम बेरखेड़ा निवासी फरियादी बृजेश जाटव उम्र 22 वर्ष को उसका परिचित जीतू कोली अपने साथ समोहा डैम ले गया। यहां पहले से मौजूद अंशुल अहिरवार और दीपक उर्फ जसवंत अहिरवार सहित अन्य साथियों ने साजिश के तहत जीतू कोली का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने स्प्लेंडर बाइक क्रमांक एमपी 32 जेडबी 1787 और सफेद अर्टिगा कार से पहुंचकर जीतू कोली को जबरदस्ती गाड़ी में डाल दिया। इस दौरान एक आरोपी ने देशी कट्टे से हवाई फायर कर दहशत फैलाई और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही करैरा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले, एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा टीआई विनोद छावई के नेतृत्व में टीम गठित कर ताबड़तोड़ दबिश दी गई। पुलिस ने अपहृत जीतू कोली को सुरक्षित बरामद करते हुए 5 आरोपियों जसवंत उर्फ दीपक पुत्र घनाराम अहिरवार उम्र 37 वर्ष निवासी परासरी थाना उनाव जिला दतिया, इंदर सिंह उर्फ इंदल पुत्र ठाकुरदास अहिरवार उम्र 19 वर्ष निवासी इकारा थाना उनाव दतिया, विष्णु पुत्र संजीव अहिरवार उम्र 20 वर्ष निवासी इकारा थाना उनाव दतिया, अंशुल पुत्र किशोरी अहिरवार उम्र 18 वर्ष निवासी स्टेशन होमगार्ड कॉलोनी कोतवाली दतिया एवं रतन पुत्र बनबारी अहिरवार उम्र 19 वर्ष निवासी इकारा थाना उनाव जिला दतिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर बाइक, 315 बोर का देशी कट्टा, एक खाली खोखा और दो जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। टीआई विनोद छावई के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश के चलते अपहरण की साजिश रची गई थी। फिलहाल फरार 6 अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक चरण सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक हरेन्द्र गुर्जर, राधे जादौन, सुरेन्द्र रावत, मत्स्येन्द्र गुर्जर, रामअवतार गुर्जर, शिवम यादव, संदीप चौहान, भूपेन्द्र यादव एवं सायबर सेल के आरक्षक आलोक की सराहनीय भूमिका रही।


