अफवाहों पर विराम: पिछोर में गैस की भरपूर सप्लाई, एसडीएम ममता शाक्य ने किया निरीक्षण

MP DARPAN
0

पिछोर (नीरज गुप्ता)। अंतरराष्ट्रीय हालातों को लेकर सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर गैस, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई रुकने की अफवाहों के बीच पिछोर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

शनिवार को एसडीएम ममता शाक्य ने पिछोर स्थित एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एजेंसी प्रबंधन से गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और बुकिंग व्यवस्था की जानकारी ली गई। एजेंसी के मैनेजर ने बताया कि एजेंसी में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आगे की सप्लाई के लिए वाहन भी आने वाले हैं। उपभोक्ताओं द्वारा बुकिंग कराते ही सिलेंडरों का त्वरित वितरण किया जा रहा है। एसडीएम ने एजेंसी प्रबंधन को निर्देश दिए कि एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगे और उपभोक्ताओं को नियमानुसार घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पिछोर में गैस की कोई कमी नहीं है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई लोग सोशल मीडिया पर चल रही खबरों से प्रभावित होकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, जबकि वास्तविकता में सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन और एजेंसी प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें, बुकिंग नंबर पर गैस बुक कराएं और शांति बनाए रखें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पिछोर क्षेत्र में गैस सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी और किसी भी उपभोक्ता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top