शिवपुरी। शहर में आयोजित नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर गुरुवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को खुद परखा। उनका दौरा केवल औपचारिक नहीं रहा, बल्कि सेवा की सख्त मॉनिटरिंग के रूप में सामने आया, जहां पंजीयन से लेकर उपचार, दवा वितरण और भोजन तक हर व्यवस्था को बारीकी से जांचा गया। रिसेप्शन काउंटर पर पहुंचकर उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया को समझा और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को बिना देरी और असुविधा के समयबद्ध उपचार मिलना चाहिए। इसके बाद उन्होंने विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही शिविर में एचपीवी वैक्सीन सुविधा का शुभारंभ किया गया था, जिसमें बेटियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया गया।
डॉक्टरों का सम्मान, सेवा भावना को सलाम
शिविर में अपनी सेवाएं दे रहे चिकित्सकों के समर्पण से प्रभावित होकर उन्होंने उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं और सेवा व संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुनिश्चित किया कि सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाएं समय पर मिलें।
भोजन की गुणवत्ता खुद परखी, मरीजों को बांटा खाना
व्यवस्थाओं को लेकर गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने स्वयं भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता जांची। इसके साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन वितरित किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सेवा में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। वॉलंटियर्स को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
भाजपा, रोटरी क्लब और समाजसेवी संस्थाओं की मजबूत भागीदारी
इस शिविर को सफल बनाने में भारतीय जनता पार्टी की टीम रोटरी क्लब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, रोटरी क्लब के प्रदीप पाराशर, कैट के भूपेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, हरिओम राठौर, उपाध्यक्ष नवाब सिंह कुशवाहा, गोपाल पाल, महामंत्री लवलेश जैन, योगेंद्र रघुवंशी, के.पी. परमार, जिला मंत्री नीरज तोमर, डॉ. रश्मि गुप्ता, दीपा बंसल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर सिंह रघुवंशी, विजय शर्मा, केशव सिंह तोमर, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश जैन (पत्रकार), पूर्व नपा अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे, मुन्नालाल कुशवाहा, पवन जैन, पीएस अशोक ठाकुर, संजय सांखला, शैलेन्द्र टेडिय़ा सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके अतिरिक्त रोटरी क्लब शिवपुरी के अध्यक्ष दीपेश सांखला, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा शिवहरे, पार्षद प्रदीप शर्मा, नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पार्षद इस्माइल खान, पूर्व पार्षद विवेक अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा, कृष्णा कुशवाहा, महामंत्री रितेश जैन, जिला पंचायत सदस्य अवधेश सिंह, नवल सिंह, बलबीर निबोरिया, पवन शिवहरे, राजेन्द्र पिपलोधा, उषा भार्गव, शैलजा लवंगीकर सहित शहर की अनेक समाजसेवी संस्थाएं भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग दे रही हैं।
चलती बसों में इलाज : 8 हाईटेक मोबाइल यूनिट से कैंसर, आंख और दांतों की फ्री जांच
वृहद स्वास्थ्य शिविर में इस बार इलाज सीधे चलती बसों में पहुंच गया है। अत्याधुनिक 8 विशेष बसों के जरिए कैंसर, नेत्र और दंत रोगों की नि:शुल्क जांच की जा रही है। मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, कोलपोस्कोपी जैसी महंगी जांचें अब मुफ्त उपलब्ध हैं, वहीं एआई तकनीक से स्क्रीनिंग भी हो रही है। इंदौर, ग्वालियर और दंत अस्पतालों की टीम मिलकर सेवाएं दे रही है। 1000 से 12,000 रूपए तक की जांचें बिना शुल्क होने से मरीजों में राहत है। ग्रामीणों ने सुविधा को जीवनदायी पहल बताया।


