पिछोर (नीरज गुप्ता)। नगर के प्राचीन एवं आस्था के केंद्र कमलेश्वर महादेव मंदिर से शिवलिंग की जलहरी चोरी की घटना ने क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना के विरोध और त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर मंदिर परिसर में क्षेत्रीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी, एसडीओपी प्रशांत शर्मा, टीआई नीतू अहिरवार सहित गहोई वैश्य समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक आस्था पर सीधा आघात बताया और शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने स्पष्ट कहा कि यह कोई सामान्य चोरी नहीं है, बल्कि संवेदनशील मामला है, जिसे पुलिस गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासा करेगी। वहीं विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने पुलिस को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों को हर हाल में पकड़कर कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को 25 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा भी की। बैठक में उपस्थित समाजजनों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी रखी। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश के साथ-साथ आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर लोगों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं।


