शिविर का भव्य समापन, उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का किया गया सम्मान
शिवपुरी। जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मिसाल बने वृहद स्वास्थ्य शिविर का भव्य समापन आज सीएम राइज स्कूल शिवपुरी में गरिमामय समारोह के साथ संपन्न हुआ। जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस शिविर ने हजारों मरीजों को राहत देकर सेवा ही सर्वोपरि का सशक्त संदेश दिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन को जनसेवा का उत्कृष्ट और प्रेरक मॉडल बताया। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी प्रद्युम्न सिंह तोमर, कोलारस विधायक महेन्द्र यादव, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, सचिव डॉ. प्रदीप पाराशर, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष जसमंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व विधायक शकुन्तला खटीक, जनप्रतिनिधि प्रहलाद भारती, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के डीन डॉ. परमहंस, सिविल सर्जन बी.एल. यादव, कॉर्डिनेटर पवन जैन, कोषाध्यक्ष उदित चतुर्वेदी तथा रोटरी क्लब शिवपुरी के अध्यक्ष दीपेश सांखला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने चिकित्सकों और स्वयंसेवकों के समर्पण को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि सेवा से मिली दुआएं पीढिय़ों तक साथ रहती हैं। मुख्य अतिथि महानार्यमन सिंधिया ने अपने संबोधन में शिविर को टीमवर्क की जीवंत मिसाल बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मियों, परिवहन एवं भोजन व्यवस्था से जुड़े सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित और समन्वित वातावरण ही किसी आयोजन को सफल बनाता है। समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि 17 से 24 मार्च तक चले इस शिविर में हजारों मरीजों को नि:शुल्क परामर्श, जांच और उपचार मिला, जिससे यह पहल शिवपुरी में जनस्वास्थ्य की दिशा में एक मील का पत्थर बन गई।


