शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बैराड़ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 100 लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के सख्त निर्देशों पर जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि अनाज मंडी के पीछे टपरा मोहल्ला क्षेत्र में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में कच्ची शराब लेकर परिवहन के इंतजार में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अरविंद पुत्र मोहन रजक उम्र 32 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 10 कालामढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो नीले प्लास्टिक कैनों में भरी 100 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दुर्गाचरण, आरक्षक अतरसिंह रावत, ज्ञानसिंह रावत, मनीष परिहार एवं अजय की अहम भूमिका रही।


