दिया अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं हुई तो बसपा करेगी जन आंदोलन
शिवपुरी। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष धनीराम चौधरी ने कोलारस विद्युत सब स्टेशन में जेई नरोत्तम जाटव की मौत को विद्युत विभाग की लापरवाही बताया है। श्री चौधरी ने मांग की है कि मृतक नरोत्तम जाटव के परिजनों को एक करोड़ रूपए की सहायता राशि दी जाए वहीं उनकी पत्नी को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाए। बसपा जिलाध्यक्ष ने हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग की है। बसपा ने अल्टीमेटम दिया है कि भाजपा सरकार और जिला प्रशासन द्वारा यदि पीडि़त परिवार की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो बसपा बड़े पैमाने पर जन आंदोलन छोड़ेगी।
प्रेस को जारी बयान में बसपा जिलाध्यक्ष धनीराम चौधरी ने सवाल किया कि विद्युत सब स्टेशन पर ट्रांसफार्मर बदलने के लिए ऑन स्पॉट पर जेई नरोत्तम जाटव की ड्यूटी क्यों लगाई गई जबकि यह कार्य एसटीईआरई कंपनी के महाप्रबंधक की मौजूदगी में होना चाहिए था। कार्यादेश उप महाप्रबंधक को दिया गया था, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं थे। जिस सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर बदला जा रहा था वहां की जमीन समतल नहीं थी। लाइनमैन के बयान के मुताबिक जब पहली बार क्रेन से ट्रांसफार्मर बदलवाया जा रहा था तो क्रेन अनबैलेंस हो गई। इसके बाद बैलेंस करने के लिए क्रेन के एक तरफ कुछ आदमी चढ़ा दिए गए जो तकनीकी रूप से गलत था। क्रेन के फिटनेस एवं अनुभव प्रमाण पत्र की भी जांच नहीं की गई। पैसे बचाने के लिए छोटी क्रेन का इस्तेमाल किया गया जो हादसे का कारण बना।


