घर के बाहर खड़ी कार के कांच तोड़े, घटना सीसीटीव्ही कैमरे में हुई कैद
शिवपुरी। शहर के पॉश कॉलोनी विवेकानंद में रात्रि में कार सवार बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान बदमाशों ने कॉलोनीवासियों से अपशब्द कहे कार को तेजी से दौड़ाकर लोगों को टक्कर मारने का प्रयास किया बाद में घर के बाहर खड़ी एक कार को बेशबॉल के डंडों से तोड़ दिया जिससे कार के कांच छतिग्रस्त हो गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हो गई। जिसके फुटेज कॉलोनीवासियों ने कोतवाली पुलिस को सौंपे हैं और मामले में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टेंट व्यवसायी अंकुर सहगल ने रात्रि में विवेकानंद कॉलोनी में रहने वाले विपिन शुक्ला के घर के बाहर अपनी कार को पार्क किया था। इसके बाद अंकुर अपने घर में चले गए तभी उनकी कार पर बेशबॉल के डंडों से बदमाशों ने हमला बोल दिया। उनकी कार के कांच तोड़ दिए। जिस पर कॉलोनी की महिलाओं ने शोर मचाया तो अंकुर और विपिन शुक्ला घर से बाहर निकल आए। जिन्होंने काली कार को भागते हुए देखा और उसका पीछा किया तो कार में सवार बदमाश कार को तेजी और लापरवाही से चलाते हुए घूमने लगे और कॉलोनीवासियों के साथ अभद्र शैली में बातचीत कर रौब झाड़ते दिखे। जिसकी सूचना तुरंत ही विपिन शुक्ला ने कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ को दी। जो मौके पर पहुंचे लेकिन उससे पहले ही कार सवार वहां से भाग निकले। बाद में कॉलोनी के सीसीटीव्ही कैमरे खंगाले गए जिसमें कार से उत्पात मचाने वाले लोग कैद हो गए। जिसकी जांच में पुलिस जुट गई है।


