कैडेट्स की भर्ती के साथ-साथ किया वृक्षारोपण
शिवपुरी। 35 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी शिवपुरी के कमान अधिकारी करनाल विजय वीर सिंह तथा प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल एन रेड्डी के निर्देश पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी की अल्फा कंपनी में सत्र 2025-26 के लिए प्रथम वर्ष में एनसीसी कैडेट्स की भर्ती की गई। भर्ती के दौरान लगभग एक सैकड़ा छात्र-छात्राएं उपस्थित थी जिसमें से 44 छात्र तथा 22 छात्रों का चयन प्रथम वर्ष में अल्फा कंपनी में किया गया।
इस अवसर पर अल्फा कंपनी के एनसीसी अधिकारी मेजर गजेंद्र कुमार सक्सेना द्वारा नवीन भर्ती हुए छात्र-छात्राओं को एनसीसी का उद्देश्य तथा एनसीसी के दौरान होने वाले फायदे के बारे में विस्तार से बताया गया। भर्ती के दौरान छात्र-छात्राओं का फिजिकल टेस्ट के साथ-साथ लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई तथा मेरिट के आधार पर छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इस अवसर पर 35 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी के सूबेदार मेजर अमरजीत मलिक, हवलदार धर्मेंद्र सिंह के साथ-साथ बटालियन का अन्य स्टाफ तथा सिविल स्टाफ भी उपस्थित रहा। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने मिलकर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार श्रीवास्तव के साथ एक पेड़ मां के नाम पर वृक्षारोपण भी किया जिसमें महाविद्यालय के इको क्लब की प्रभारी प्रो. नैंसी मौर्य, प्रो. किरण मेहरा के साथ-साथ लगभग एक सैकड़ा से अधिक एनसीसी कैडेट्स भी उपस्थित रहे।

