फिजीकल थाना प्रभारी नम्रता सिंह भदौरिया ने चलाया ऑपरेशन मुस्कान अभियान, स्कूली छात्राओं को दी सुरक्षा की सीख

MP DARPAN
0

आत्मरक्षा के लिए किया जागरूक

शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता सिंह भदौरिया के नेतृत्व में सोमवार को फिजिकल थाना क्षेत्र के पीएम श्री शाला शासकीय हाई स्कूल फिजीकल कॉलोनी में ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध और ट्रैफिक नियमों की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना था।

थाना प्रभारी नम्रता सिंह भदौरिया ने अपने स्टाफ के साथ छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को न केवल पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति भी सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत न करें, संदिग्ध परिस्थिति या व्यक्ति की जानकारी तुरंत अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को दें। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग से बचाव और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के महत्व पर भी विस्तार से बताया। थाना प्रभारी भदौरिया ने बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 1098 बाल सहायता, 112 आपातकालीन सहायता एवं 100 पुलिस सहायता के बारे में जानकारी दी और कहा कि संकट की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें। अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के सरल उपाय भी सिखाए। छात्राओं ने पुलिस टीम से सवाल पूछे और उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों बढ़ाते हैं। इस अवसर पर थाना स्टाफ, शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top