मूल्यांकन में चूक नहीं, नतीजे समय पर, 154 शिक्षक विशेष प्रशिक्षण से ट्रेंड

MP DARPAN
0
शिवपुरी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएँ अभी जारी हैं, लेकिन परिणाम समय पर घोषित करने की रणनीति के तहत विभाग ने समानांतर रूप से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू करने की ठोस तैयारी कर ली है। रविवार से प्रथम चरण का मूल्यांकन प्रारंभ होगा, जिसमें सबसे पहले फिजिक्स, अंग्रेजी और अर्थशास्त्र विषय की उत्तरपुस्तिकाएँ जाँची जाएँगी। शनिवार को जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में 154 विषयवार मूल्यांकनकर्ताओं को बोर्ड की गाइडलाइन के अनुरूप त्रुटिरहित मूल्यांकन के लिए प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण को अनिवार्य किया गया है जो शिक्षक प्रशिक्षण में शामिल नहीं होंगे, वे मूल्यांकन कार्य नहीं कर सकेंगे।

दो पालियों में हुआ सघन प्रशिक्षण

प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 10वीं व 12वीं के 15 विषयों अंग्रेजी, भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, संस्कृत, पशुपालन, गृह प्रबंधन, एलिमेंट्स ऑफ साइंस, भारतीय कला का इतिहास सहितके मूल्यांकन मानकों पर विस्तार से टिप्स दिए गए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, प्राचार्य एन.के. जैन, जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू, ताहिर अहमद, हेमंत जैमिनी, सुदर्शन गुप्ता, राजेश वर्मा व मोहन मेहता ने विषय-विशेष के मापदंड, अंक विभाजन और सामान्य त्रुटियों से बचाव पर मार्गदर्शन किया। शनिवार को अनुपस्थित रहे मूल्यांकनकर्ताओं को 1 मार्च को पुन: प्रशिक्षण दिया जाएगा; फिर भी गैरहाजिर रहने पर कार्रवाई तय है।

मोबाइल पर सख्ती: पहले ऐप से हाजिरी, फिर स्ट्रांग रूम में लॉक

मूल्यांकन केंद्र पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि प्रवेश से पहले मूल्यांकनकर्ताओं को मोबाइल में डाउनलोड किए गए ऐप से सुबह 10 बजे हाजिरी लगानी होगी। इसके बाद मोबाइल स्ट्रांग रूम में जमा होगा। शाम 5 बजे मोबाइल मिलने पर ही जाँची गई कॉपियों की एंट्री होगी, तभी किया गया मूल्यांकन मान्य माना जाएगा। पिछले वर्ष की तरह ही मानदेय निर्धारित है कि कक्षा 10वीं 15 रूपए प्रति कॉपी, कक्षा 12वीं 16 रूपए प्रति कॉपी, साथ में दैनिक भत्ता व वाहन भत्ता देय होगा।

इनका कहना है

बोर्ड परीक्षाओं के बीच ही समय पर परिणाम जारी करने के लिए रविवार से प्रथम चरण का मूल्यांकन शुरू हो रहा है। मूल्यांकनकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देकर ट्रेंड किया गया है ताकि किसी भी तरह की चूक न रहे। गैरहाजिर रहने वालों पर कार्रवाई होगी।
विवेक श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top