शिवपुरी। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना करैरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की नीयत से घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। दिनांक 20 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि करैरा के गल्ला मंडी परिसर में एक युवक अवैध कट्टा लेकर खड़ा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, जहां संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णपाल ठाकुर (बैश्य), उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम लालपुर, थाना करैरा बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वैध लाइसेंस न होने पर आरोपी के खिलाफ धारा 25/27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 129/26 दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उनि राधेश्याम शिवहरे, आरक्षक राधेश्याम जादौन, हरेन्द्र गुर्जर और मत्स्येन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


