शिवपुरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हाईवे पर कार्रवाई करते हुए 32 पेटी अवैध देशी और अंग्रेजी शराब से भरी एक मारुति फ्रॉन्क्स कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर कार छोड़कर फरार हो गया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थ और अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना करैरा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
करैरा टीआई विनोद छावई के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की एक मारुति फ्रॉन्क्स कार झांसी की ओर से करैरा आ रही है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही थाना करैरा पुलिस ने हाईवे स्थित कृष्णा ढाबा के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस वाहन देखते ही चालक घबरा गया और कार को ढाबे की ओर मोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो अंदर 28 पेटी देशी प्लेन शराब, दो पेटी देशी मसाला शराब और दो पेटी वोल्ट कंपनी की बीयर कैन बरामद हुईं। कुल 294 बल्क लीटर शराब की कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा करीब 7 लाख रुपए कीमत की मारुति फ्रॉन्क्स कार भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उप निरीक्षक राजकुमार सिंह चाहर, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक ब्रजराज सिंह, आरक्षक राधे जादौन, सुरेन्द्र रावत, मत्स्येन्द्र गुर्जर और चालक राधवेन्द्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।


