बसों-वाहनों की अलग पार्किंग व्यवस्था
शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित शिवपुरी दौरे एवं रोड शो को लेकर यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर अस्थायी डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।
एडवाइजरी के अनुसार हवाई पट्टी से झांसी तिराहा, गुरुद्वारा, राजेश्वरी रोड होते हुए एमएम चौराहा तक का मार्ग मुख्यमंत्री के आगमन से एक घंटे पूर्व से लेकर कार्यक्रम समाप्ति के एक घंटे बाद तक आमजन के लिए बंद रहेगा। इस दौरान इस मार्ग पर चार पहिया एवं भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कोलारस और बदरवास से आने वाली बसें गुना नाका, पोहरी चौराहा, स्टार गोल्ड होटल, विवेकानंद रोड होते हुए गांधी पार्क और रेलवे ग्राउंड में पार्क की जाएंगी। करेरा और पिछोर की ओर से आने वाली बसों को कर्बला, दो बत्ती, करौंदी, ग्वालियर बायपास होते हुए गांधी पार्क भेजा जाएगा। वहीं पोहरी, सतनवाड़ा और सुभाषपुरा से आने वाली बसें कटमई तिराहा, ग्वालियर बायपास, स्टार गोल्ड होटल और विवेकानंद कॉलोनी के रास्ते गांधी पार्क एवं रेलवे ग्राउंड में पार्क होंगी। चार पहिया वाहनों के लिए करेरा, पिछोर, सतनवाड़ा और सुभाषपुरा की ओर से आने वालों की पार्किंग पुरानी अनाज मंडी (कस्टम गेट) तथा कोलारस, बदरवास और पोहरी की ओर से आने वालों की पार्किंग पुलिस परेड ग्राउंड में निर्धारित की गई है। वीआईपी वाहनों की पार्किंग पोलो ग्राउंड में मंच के दाहिनी ओर रहेगी। बारिश की स्थिति में यह व्यवस्था कलेक्टर रोड पर स्थानांतरित की जाएगी। यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों एवं डायवर्जन का पालन कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा।


