कोलारस वन विभाग का बड़ा एक्शन : रात्रि में अतिक्रमण-कारियों की घेराबंदी, अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम कर दो ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस वन विभाग ने वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे की कोशिश को नाकाम कर दिया। रात्रि गश्त के दौरान वन अमले ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध जुताई में इस्तेमाल किए जा रहे दो ट्रैक्टर और दो कल्टीवेटर जब्त किए तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज किए।

वन परिक्षेत्राधिकारी गोपाल सिंह के अनुसार, वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज कोलारस-ए की बीट सनवारा के आरएफ-127 में वन भूमि पर अवैध जुताई कर कब्जे की कोशिश की जा रही थी। वन विभाग की टीम के पहुंचते ही अतिक्रमणकारी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। वन अमले ने तत्काल ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी। इसी अभियान के दौरान बीट राजगढ़ के आरएफ-224 में भी वन विभाग ने अवैध जुताई करते हुए एक अन्य ट्रैक्टर और कल्टीवेटर को रंगे हाथों जब्त किया। जब्त सभी वाहनों को वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वन परिक्षेत्राधिकारी गोपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। कोलारस वन विभाग ने साफ संदेश दिया है कि वन भूमि पर कब्जा, अवैध जुताई और जंगल की संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। रेंजर गोपाल सिंह ने आमजन से अपील की है कि वन भूमि पर अतिक्रमण न करें और जंगलों के संरक्षण में सहयोग दें। वन संपदा से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top