कोतवाली पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 12 लाख की स्मैक जब्त, आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। शहर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक बेचने की कथित तैयारी कर रहे एक आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 62.16 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक  श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले में नशीले पदार्थों के अवैध विक्रय एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे ने पुलिस टीम गठित की।

कोतवाली टीआई रोहित दुबे के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि कठमई खेल मैदान के पास एक व्यक्ति स्मैक लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बल्लू उर्फ बलराम गुर्जर पुत्र सूरज गुर्जर उम्र 40 वर्ष, निवासी कोटा भगोरा, थाना देहात, जिला शिवपुरी बताया। तलाशी लेने पर उसके लोअर की दाहिनी जेब में पारदर्शी पन्नी में 62.16 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 694/26, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपी से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित चार मामले दर्ज हैं। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, उपनिरीक्षक मुरारी यादव, प्रधान आरक्षक नरेश दुबे, महाराज सिंह, दिनेश सिंह, आरक्षक राहुल कुमार, विजय निगम, महेन्द्र तोमर, आरक्षक दीपक राठौर तथा मनोज गौतम की विशेष भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top