शिवपुरी। अमोला थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए झांसी से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में चोरी के मामलों में चोरी गए माल-मसरूका की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी करैरा के मार्गदर्शन में अमोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को अमोलपठा मार्ग स्थित कुशवाह होटल के पास से आरोपी शिवम उर्फ नेम गौर पुत्र भरत गौर उम्र 22 वर्ष, निवासी गण दांगीपुरा, थाना अमोला, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। बरामद वाहनों में मोटरसाइकिल क्रमांक यूपी93बीवी1773, बजाज पल्सर क्रमांक यूपी3एपी3363 तथा एक होंडा साइन मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना अमोला में अपराध क्रमांक 207/26, धारा 303(2), 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक सुखदेवराम भगत, प्रधान आरक्षक अर्जुन रावत, आरक्षक अरुण कुशवाह, रामबीर बघेल, अतर सिंह, कुलदीप, आकाश, नीतेन्द्र सिंह, चालक आरक्षक राहुल तथा सैनिक जितेन्द्र कलावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


