जिला स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
शिवपुरी। जिलास्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को तात्या टोपे शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय शिवपुरी के क्रीड़ांगन में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल कौशल देखने को मिला। प्रतियोगिता में कबड्डी, नेटबॉल, हॉकी और फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे बालक-बालिका खिलाड़ी अपना दमखम दिखा रहे हैं।
कबड्डी के मुकाबले खासे रोमांचक रहे। शुरुआती मुकाबलों में नरवर विकासखंड की जूनियर छात्राओं ने करैरा की टीम पर अपना दबदबा कायम रखा। एक मुकाबले में नरवर की छात्राओं ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर करैरा को 22-6 से एकतरफा पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में भी नरवर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 18-7 से जीत दर्ज की। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार टैकल, तेज रेड और एक-एक अंक के लिए जोरदार संघर्ष ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। नरवर की छात्राओं के आक्रामक खेल और मजबूत डिफेंस के सामने करैरा की टीम को लगातार दबाव का सामना करना पड़ा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मैदान पर मौजूद दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कबड्डी के अलावा नेटबॉल, हॉकी और फुटबॉल की स्पर्धाएं भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभाशाली स्कूली खिलाड़ियों को जिला स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना है, ताकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए आगे बढ़ाया जा सके। प्रतियोगिता के व्यवस्थित एवं सफल संचालन में जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, यादवेंद्र चौधरी, अब्दुल रजाक खान, भगवत शर्मा, बसंत शर्मा, बृजमोहन जाट, नीरज सरैया, मनोज खत्री, नीरजा भार्गव, रेखा शर्मा, घनश्याम और शुभी रानी सहित खेल शिक्षकों एवं सहयोगी अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्रीड़ांगन में दिनभर खिलाड़ियों का जोश, उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। अलग-अलग विकासखंडों से आए खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए हो रहा संघर्ष प्रतियोगिता को लगातार रोमांचक बनाए हुए है।


