शिवपुरी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत कोतवाली पुलिस ने सात दिन की सतत तलाश के बाद 13 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बालिका 25 जून को माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, शिवपुरी से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 473/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की। टीम ने लगातार तलाश, तकनीकी जानकारी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर 2 जुलाई को मृगवास जिला गुना से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बालिका के सुरक्षित लौटने पर उसके माता-पिता के चेहरों पर फिर मुस्कान लौट आई। इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुरारी यादव, प्रधान आरक्षक बीरबल तथा महिला आरक्षक सीतू सिंह की विशेष भूमिका रही।
ऑपरेशन मुस्कान : 7 दिन में 13 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद, कोतवाली पुलिस मृगवास गुना से खोज लाई
7:20 pm
0
अन्य ऐप में शेयर करें


