शिवपुरी। नगर परिषद पोहरी के नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेश चंद्र जाटव ने शुक्रवार को अतिरिक्त प्रभार ग्रहण करते ही कामकाज की कमान संभाल ली। पहले ही दिन उन्होंने मानसून को देखते हुए नगर की सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को नालों की तत्काल सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए।
सीएमओ जाटव ने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति किसी भी वार्ड में नहीं बनने दी जाएगी। इसके लिए नगर के प्रमुख नालों का निरीक्षण कर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक कर्मचारी की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सीएमओ महेश चंद्र जाटव ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता समय पर समस्याओं का समाधान कर नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों के समन्वय से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।


