गौसेवा कर मनाया गया 78वां सीए दिवस, शिवपुरी में बनेगा अत्याधुनिक अध्ययन कक्ष

MP DARPAN
0

शिवपुरी। 78वें चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) दिवस के अवसर पर शिवपुरी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन एवं भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान के मध्य भारत क्षेत्रीय परिषद के शिवपुरी अध्ययन प्रकोष्ठ द्वारा बाणगंगा स्थित पशु रक्षक संघ की गौशाला में गौ-पूजन एवं गौसेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवा के साथ विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई।

एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं शिवपुरी अध्ययन प्रकोष्ठ के संयोजक चार्टर्ड अकाउंटेंट विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान के सहयोग से शिवपुरी में अत्याधुनिक चार्टर्ड अकाउंटेंट अध्ययन कक्ष स्थापित किया जा रहा है। यह अध्ययन कक्ष शगुन आर्केड, द्वितीय तल, नवग्रह मंदिर के समीप, कमलागंज, ए.बी. रोड पर संचालित होगा। यहां विद्यार्थियों को शांत, अनुशासित एवं आधुनिक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। अध्ययन प्रकोष्ठ के उप संयोजक चार्टर्ड अकाउंटेंट निमेष गोयल ने कहा कि लंबे समय से इस प्रकार की सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी सफलता की संभावनाएं और अधिक मजबूत होंगी। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष चार्टर्ड अकाउंटेंट मोहित जैन ने बताया कि अध्ययन कक्ष में विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यह सुविधा नाममात्र के शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट धर्मेन्द्र जैन, आशीष गोयल, अखिल गोयल, सत्यप्रकाश अग्रवाल, कमल सिंह कुशवाह, सोमेश जैन, वेदांत सिंघल, संयम जैन, अतुल अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, सेतु अग्रवाल, दिव्यांश गुप्ता, नैंसी अग्रवाल एवं वैशाली अग्रवाल सहित अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट उपस्थित रहे। सभी ने गौसेवा में सहभागिता निभाते हुए शिवपुरी में स्थापित होने वाले अध्ययन कक्ष को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top