खेल सिखाते हैं अनुशासन और संघर्ष, हार-जीत को जीवन का हिस्सा मानें: एसपी भूटिया
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन, 22 खेलों में 3 हजार बच्चों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया
शिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 45 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह-2026 के समापन समारोह में शिवपुरी स्केट एकेडमी ने अपनी शानदार उपलब्धियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। एकेडमी की होनहार स्केटर सृष्टि खन्ना को वर्ष उत्कृष्ट खिलाड़ी-2026 चुना गया, जबकि एकेडमी के संचालक एवं प्रशिक्षक सुखवीर कुशवाह को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सम्मानित किया गया। उनके द्वारा क्रिकेट, स्विमिंग, एरोविक, बेडमिंटन, टेबलटेनिस, बॉलीबॉल, कराते का कई स्थानों पर प्रशिक्षण दिया गया।
15 मई से 30 जून तक चले इस शिविर में जिले के 22 खेलों की विभिन्न विधाओं में करीब तीन हजार बच्चों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें शिवपुरी स्केटिंग एकेडमी के 100 स्केटर्स ने भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया तथा जिला खेल अधिकारी के.के. खरे ने सृष्टि खन्ना को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसी अवसर पर प्रशिक्षक सुखवीर कुशवाह को भी शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके प्रशिक्षक का अनुशासन, मार्गदर्शन और समर्पण होता है। उन्होंने बच्चों से हार-जीत को जीवन का हिस्सा मानते हुए निरंतर मेहनत करने और प्रशिक्षकों का सम्मान करने का संदेश दिया। उन्होंने महान धावक मिल्खा सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। जिला खेल अधिकारी के.के. खरे ने बताया कि शिविर में लगभग 3 हजार बच्चों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है और प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की पहचान के लिए टैलेंट सर्च कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शिवपुरी खेल प्रतिभाओं के दम पर प्रदेश ही नहीं, देश में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र तथा उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संजय सांखला, छोटे खान, गिरीश मामा, राजीव श्रीवास्तव, उदयसिंह राजावत, कमल बाथम सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


