सीएम डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने किया 2500 करोड़ की अडाणी डिफेंस फैक्ट्री का शिलान्यास
अडाणी समूह ने 2030 तक 1.20 लाख रोजगार का किया ऐलान
शिवपुरी। अब शिवपुरी केवल पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए नहीं, बल्कि देश की रक्षा शक्ति के नए केंद्र के रूप में पहचाना जाएगा। रविवार को पाली गांव में 2500 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस की अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। इसके साथ ही शिवपुरी ने देश के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग मानचित्र पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी। करीब 10 हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार देने वाली इस मेगा परियोजना में अत्याधुनिक गोला-बारूद, मिशन-रेडी मिसाइलें, हाईटेक हथियार और आधुनिक रक्षा उपकरण तैयार होंगे। रक्षा क्षेत्र की यह इकाई न केवल मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती प्रदान करेगी। इस अवसर पर अडाणी समूह के निदेशक करण अडाणी, जीत अडाणी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। अडाणी समूह के निदेशक जीत अडाणी ने कहा कि शिवपुरी की यह फैक्ट्री केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि भारत की रक्षा क्षमता को सशक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि समूह मध्यप्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रूपए का निवेश कर रहा है और 2030 तक प्रदेश में 1 लाख 20 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सहयोग से मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज़ी से उभरता औद्योगिक राज्य बन रहा है।
शिवपुरी की डिफेंस फैक्ट्री प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की मजबूत नींव बनेगी : सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिवपुरी की डिफेंस फैक्ट्री प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की मजबूत नींव बनेगी। मध्यप्रदेश निवेश, उद्योग और रक्षा उत्पादन का अग्रणी केंद्र बन रहा है। युवाओं को रोजगार और उद्योगों को बेहतर वातावरण देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत संकल्प को मध्यप्रदेश नई ताकत देगा। शिवपुरी के विकास में धन और योजनाओं की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 8 बड़ी घोषणाएं की
मुख्यमंत्री ने मंच से केंद्रीय मंत्री सिंधिया की सभी प्रमुख मांगें स्वीकार करते हुए 120 करोड़ रुपये की सड़क, मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं, कार्डियोलॉजी एवं सीटी स्कैन, 108 फीट से अधिक ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा, नई तहसील सहित 8 बड़ी विकास घोषणाएं कीं। संबोधन के दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि आज महाराज ने रोटी पर थोड़ा ज्यादा मक्खन लगा दिया। इस टिप्पणी पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
युद्ध होगा तो शिवपुरी से जाएंगे हथियार : सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि आज शिवपुरी के इतिहास की नई इबारत लिखी जा रही है। जब देश की रक्षा के लिए युद्ध होगा, तब शिवपुरी में बने हथियार सीमाओं तक पहुंचेंगे। यहीं बनी मिसाइलें और गोला-बारूद दुश्मन के मंसूबों को ध्वस्त करेंगे। यह परियोजना हजारों युवाओं के लिए रोजगार और उद्योगों के नए अवसर लेकर आएगी। शिवपुरी अब देश के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, करण अडाणी और जीत अडाणी ने हाईटेक हथियारों, मिसाइलों और डिफेंस सिस्टम की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने प्रस्तावित प्लांट में बनने वाले रक्षा उत्पादों की तकनीकी जानकारी दी। वैदिक मंत्रोच्चार, भूमि पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ परियोजना का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र जैन ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक निर्णय का भरोसा दिया।


