शराबी पिता की लापरवाही, बस प्रभारी की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से बची मासूम की जान

MP DARPAN
0

पुलिस ने 8 माह के बच्चे को सकुशल परिजनों को सौंपा

शिवपुरी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही थी, वहीं शिवपुरी पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 8 माह के मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया।

जानकारी के अनुसार, गांधी पार्क बस पार्किंग में ड्यूटी पर तैनात एएसआई शैलेंद्र सिंह चौहान को बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल निवासी चांदपुर थाना छर्च ने सूचना दी कि वह चांदपुर और बरई क्षेत्र से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए बस लेकर शिवपुरी आ रहे थे। रास्ते में ग्राम झिरी के पेट्रोल पंप के पास एक युवक 8 माह के बच्चे को गोद में लेकर बस में सवार हुआ, जो अत्यधिक शराब के नशे में था। यात्रा के दौरान नशे में धुत युवक ने दो-तीन बार मासूम बच्चे को गिरा दिया, जिससे उसकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल ने तुरंत बच्चे को अपनी गोद में लेकर पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षित रखा। शिवपुरी पहुंचने पर पुलिस ने युवक से पूछताछ की। उसने अपना नाम संदीप पटेल, निवासी पारसोल मोहार बताया और ग्राम झिरी थाना छर्च को अपनी ससुराल बताया। युवक इतना अधिक नशे में था कि गांधी पार्क बस पार्किंग में ही अपने ही बच्चे को इधर-उधर तलाशता घूम रहा था। स्थिति को समझते हुए पुलिस ने तत्काल ग्राम झिरी में संपर्क कर बच्चे के मामा को शिवपुरी बुलाया। सत्यापन के बाद 8 माह के मासूम को सुरक्षित उसके मामा के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि संदीप पटेल बिना किसी को बताए बच्चे को ससुराल से अपने साथ ले आया था। इस पूरे घटनाक्रम में बस प्रभारी नरोत्तम चंदेल की सतर्कता और संवेदनशीलता ने बच्चे को संभावित हादसे से बचा लिया। वहीं गांधी पार्क पार्किंग में तैनात एएसआई शैलेंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक रामेश्वर पाल एवं आरक्षक भीकम सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top