घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-सीड ड्रिल मशीन भी जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
शिवपुरी। आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के गंभीर मामले में पोहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की फिराक में खड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और सीड ड्रिल मशीन भी जब्त कर ली है।
पोहरी टीआई रवि चौहान के अनुसार, थाना पोहरी में दर्ज मर्ग क्रमांक 28/26 की जांच के दौरान आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के साक्ष्य मिलने पर प्रकाश धाकड़, ज्ञानी धाकड़, हरिओम धाकड़, पवन धाकड़ एवं बंटी धाकड़, सभी निवासी नयागांव, थाना पोहरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 203/26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रवि चौहान ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि मामले के दो आरोपी पोहरी चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे हैं और जिले से भागने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नीले रंग का फार्म ट्रैक्टर एवं सीड ड्रिल मशीन बरामद कर जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक हृदेश पाराशर सहित पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


