चांदी के आभूषण और नकदी बरामद, पुलिस ने भेजा जेल
शिवपुरी। सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में बदरवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ माह से फरार चल रहे पारदी गिरोह के एक आरोपी को गुना जिले के सिंगवासा गांव से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बदरवास टीआई नवीन यादव के अनुसार, 23 मई 2026 को वार्ड क्रमांक-6 निवासी एवं सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य महेंद्र कुमार गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर रात के समय उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और करीब 10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। मामले में बदरवास थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवीन यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने केशव पुत्र केदार पारदी उम्र 19 वर्ष निवासी बिलाखेड़ा, हाल सिंगवासा थाना कैंट जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन जोड़ी चांदी की पायल और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद माल जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और शेष चोरी गए माल की तलाश में जुटी है।


