दूसरे के सिर से पहले ही उठ चुका था पिता का साया
शिवपुरी। कोलारस के ग्राम साखनौर में रविवार की दोपहर सिंध नदी उस समय मातम में बदल गई, जब नहाने उतरे दो युवक गहरे पानी के गड्ढे में समा गए। 20 वर्षीय प्रद्युम्न शर्मा और 24 वर्षीय सादिक खान की डूबने से मौत हो गई। देखते ही देखते हंसी-खुशी का पल चीख-पुकार में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना देने के बावजूद समय पर राहत दल नहीं पहुंचा, जिसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं नदी में उतरकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें दोपहिया वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन शिवपुरी में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह हादसा दो परिवारों पर कहर बनकर टूटा। प्रद्युम्न के पिता का कुछ महीने पहले ही निधन हुआ था, जबकि सादिक के घर दो महीने बाद शहनाई बजनी थी। अब दोनों घरों में खुशियों की जगह मातम पसरा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, वहीं ग्रामीणों ने समय पर रेस्क्यू टीम नहीं पहुंचने पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।


