भाजपा सम्मेलन में गूंजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार, अजा मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य बोले- बंगाल की सुरक्षा जनसंघ की देन

MP DARPAN
0

शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण दिवस पर चल रहे स्मरण पखवाड़ा के तहत सोमवार को शहर के नक्षत्र गार्डन में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि आज पश्चिम बंगाल सुरक्षित है तो वह जनसंघ और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा के कारण है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी दोनों ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की चिंता की। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार उन्हीं विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के जीवन पर आधारित डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम से जुडऩे का भी आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंच पर जिला प्रभारी नंदकिशोर नापित, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र बिरथरे, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, जिला महामंत्री लवलेश जैन, केपी परमार तथा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश भरदेलिया उपस्थित रहे। नरेंद्र बिरथरे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और आज 12 राज्यों में सरकारें डॉ. मुखर्जी की विचारधारा का परिणाम हैं। नंदकिशोर नापित ने कहा कि एक देश-एक विधान का सपना डॉ. मुखर्जी ने देखा था, जिसे भाजपा ने आगे बढ़ाया। वहीं जसवंत जाटव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सत्ता नहीं, बल्कि जनसेवा और अंत्योदय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं तथा धारा 370 हटना डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक कदम है। कार्यक्रम का संचालन विक्की मंगल ने किया, जबकि आभार केपी परमार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अशोक खंडेलवाल, पृथ्वीराज सिंह जादौन, हेमलता रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top