बस में छूटा दो लाख के जेवरों से भरा पर्स, कोलारस पुलिस ने घंटों में खोजकर महिला को लौटाया

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस थाना पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में छूटे करीब दो लाख रुपए कीमत के जेवरों और नगदी से भरे पर्स को सुरक्षित तलाश कर महिला को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में कोलारस पुलिस ने यह सराहनीय कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार ग्राम हीरापुर निवासी श्रीमती पिंकी बानो पत्नी नाजिस मोहम्मद 19 मई की सुबह रघुवंशी बस से खोंड से पड़ोरा आ रही थीं। पड़ोरा बस स्टैंड पर उतरते समय वह अपना पर्स बस की सीट पर ही भूल गईं। पर्स में सोने-चांदी के जेवर और नगदी रखी हुई थी। कुछ देर बाद जब महिला को पर्स गायब होने का अहसास हुआ तो वह घबराई हुई कोलारस थाने पहुंची और पुलिस को आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। थाना पुलिस ने बस में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, साथ ही बस स्टैंड और जगतपुर क्षेत्र के कैमरे भी चेक किए। लगातार तलाश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने पर्स बरामद कर लिया। पर्स में रखा पूरा मशरूका सुरक्षित मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने पूरा सामान महिला को सुपुर्द किया तो उसके चेहरे पर राहत लौट आई। कार्रवाई में उप निरीक्षक बबलेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक अमृतलाल भिलाला, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, नरेश यादव, आरक्षक पुष्पेन्द्र रावत और रनवीर सिंह यादव की विशेष भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top