शिवपुरी। शहर के सईसपुरा इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने पति के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची और हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आत्मदाह की चेतावनी देने लगी। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उससे बोतल छीन ली और काफी देर तक समझाइश देकर स्थिति को सामान्य किया।
महिला ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे कम दहेज लाने का ताना देता रहा। मायके से पैसे लाने का लगातार दबाव बनाया गया और विरोध करने पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दी गई। उसका कहना है कि उसके करीब एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर भी ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रख लिए हैं, जिन्हें लौटाने से साफ इनकार किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि अब उसे और उसके पति को घर से बेदखल करने की साजिश रची जा रही है। यहां तक कि उनके उपयोग में आने वाले कॉमन शौचालय पर भी ताला लगा दिया गया। महिला के अनुसार, जिस मकान में वे रह रहे हैं उसका निर्माण उसके पति और ससुर की कमाई से हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री सास के नाम कराई गई। अब उसी मकान से उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने दावा किया कि 13 अप्रैल 2026 को उसके साथ मारपीट की गई थी। उसने पहले संबंधित थाना और बाद में महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला का यह भी आरोप है कि उसे और उसके पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। महिला के पति ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा था, लेकिन शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। न्याय नहीं मिलने से हताश होकर वे कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां महिला पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह की कोशिश करने लगी। हालांकि पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने महिला को शांत कर उसका आवेदन प्राप्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


