शिवपुरी। वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बदरवास वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जंगल की भूमि पर जुताई कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों और वन कटाई में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार वन मंडल अधिकारी एवं उपवन मंडल अधिकारी करैरा के निर्देशन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी बदरवास रवि पटेरिया के मार्गदर्शन में रात्रि गश्त के दौरान बीट कोटरी के कक्ष क्रमांक आरएफ-178 सब रेंज बदरवास-बी में तड़के करीब 4 बजे एक ट्रैक्टर वन भूमि पर अवैध जुताई करता मिला। वन अमले ने तत्काल घेराबंदी की, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही अतिक्रमणकारी ट्रैक्टर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकले। वन विभाग ने ट्रैक्टर को जब्त कर रेंज कार्यालय परिसर बदरवास में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। मामले में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा फरार आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। इस कार्रवाई में सब रेंज प्रभारी मिहीलाल जाटव, वनरक्षक पुरुषोत्तम शर्मा बीट मुड़ेरी, सूरज मारिया अतिरिक्त बीट कोटरी, अरविंद सोरे बीट नैनागिर, मेहरबान परिहार बीट रसोई एवं आजाद सिंह बीट बसाई की सराहनीय भूमिका रही।


