बैराड़ में विहिप-बजरंग दल ने हनुमान मंदिर में चलाया स्वच्छता अभियान, समाज को दिया जनसेवा का संदेश

MP DARPAN
0

शिवपुरी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड बैराड़ द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के तहत दूसरे दिन बगिया वाले हनुमान मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रमदान कर मंदिर परिसर और आसपास फैली गंदगी को साफ किया तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया। 5 से 12 जुलाई तक चल रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वच्छता, पौधारोपण, जनजागरूकता और सामाजिक सेवा से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के पहले दिन बैराड़ स्थित बाग वाली काली माता मंदिर में श्रमदान कर सेवा सप्ताह की शुरुआत की गई थी।

सोमवार को दूसरे दिन कार्यकर्ताओं ने बगिया वाले हनुमान मंदिर में सफाई कर लोगों से धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज सेवा और स्वच्छता ही सच्ची राष्ट्र सेवा है तथा प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लेना चाहिए। अभियान में विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष भास्कर झा, जिला सह महाविद्यालय प्रमुख प्रिंस प्रजापति, महावीर कर्ण, सह संयोजक सुनील राजौरिया, सह मंत्री अजमेर चंदेल, गिर्राज रावत, विजय रावत सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सेवा सप्ताह के शेष दिनों में भी पौधारोपण, स्वच्छता, जनजागरूकता एवं समाजहित के कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top