शिवपुरी। शहर में खुलेआम चल रहे जुए के फड़ों पर थाना फिजिकल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4200 रुपए नकद और ताश की गड्डियां जब्त कर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना फिजिकल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोरीकुंड और बारादरी क्षेत्र में कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर दबिश दी। गोरीकुंड के पास पुलिस ने अभिषेक कोडे और मनोज शाक्य को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा। उनके कब्जे से 3500 रुपए नकद और ताश की गड्डी बरामद की गई। वहीं बारादरी क्षेत्र में गिर्राज जाटव और रिंकू कुशवाह को गिरफ्तार कर उनके पास से 700 रुपए और 52 पत्तों की ताश गड्डी जब्त की गई। कार्रवाई के बाद पुलिस सभी आरोपियों को थाने लेकर पहुंची, जहां उनके खिलाफ पृथक-पृथक जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ संचालकों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक रामेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अंकित सिंह, प्रधान आरक्षक अंजीत तिवारी, आरक्षक अजय यादव, पुष्पेन्द्र, गिर्राज और ब्रजेश की सराहनीय भूमिका रही।


