नशे के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान, स्कूलों के आसपास नहीं बिकेगा जहर

MP DARPAN
0

कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निर्देश- मेडिकल स्टोर, शराब दुकानों और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रहेगी कड़ी नजर

शिवपुरी। जिले में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों और धूम्रपान सामग्री की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को आयोजित नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम एवं समन्वय समिति की बैठक में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जिले में नशे की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोरों की लगातार जांच करने और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आबकारी विभाग को शराब दुकानों पर निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्कूल स्तर पर जागरूकता बेहद जरूरी है। स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि बच्चों को नशे और धूम्रपान के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। बैठक में सामाजिक न्याय विभाग और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से नशा मुक्ति अभियान चलाने तथा नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन की इस सख्ती के बाद जिले में नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top