शिवपुरी। करैरा पुलिस ने बाजार क्षेत्र में शराब के नशे में तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से कार दौड़ा रहे चालक पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा हादसा टाल दिया। पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत की मारुति अर्टिगा क्रमांक एमपी 07 एई 6398 जब्त कर चालक जयवीर चौरसिया, निवासी नरवर, जिला शिवपुरी के विरुद्ध धारा 183, 184 व 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार चालक नशे की हालत में करैरा तहसील के पास व्यस्त बाजार में तेज गति से वाहन चला रहा था। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती थी। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालान न्यायालय में पेश किया। जेएमएफसी करैरा भूपेंद्र यादव ने मामले की सुनवाई के बाद चालक पर 11,000 रूपए का जुर्माना लगाया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक मोहन बघेल, आरक्षक हरेंद्र गुर्जर, मत्स्येंद्र गुर्जर, राधेश्याम जादौन, शिवम यादव एवं रामनिवास गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।


