कपिलधारा योजना में घूसखोरी बेनकाब, 20 हजार की रिश्वत लेते सरपंच और पति रंगे हाथ गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। सरकारी योजना का पैसा दिलाने के नाम पर रिश्वत का खेल आखिरकार सरपंच दंपती पर भारी पड़ गया। खनियाधाना जनपद की ग्राम पंचायत जुंगीपुर की सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली को ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। रिश्वत कपिलधारा योजना के तहत बने कुएं का भुगतान जारी कराने के एवज में मांगी गई थी।

ग्राम जुंगीपुर निवासी हितग्राही राहुल सिंह यादव ने वर्ष 2025 में कपिलधारा योजना के अंतर्गत कुएं का निर्माण कराया था। आरोप है कि भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के लिए सरपंच दंपती ने 20 हजार रुपए की मांग रख दी। परेशान हितग्राही ने 3 जुलाई 2026 को ग्वालियर लोकायुक्त से शिकायत की। जांच में शिकायत सही मिलने पर लोकायुक्त ने पूरा जाल बिछाया। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उपजेल के पीछे स्थित सरपंच के घर पर फरियादी ने जैसे ही तयशुदा रकम सौंपी, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने दोनों को नोटों सहित रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी गोपनीय रही कि टीम आरोपियों को लेकर तुरंत रवाना हो गई। कुछ देर तक कस्बे में यह चर्चा फैल गई कि कहीं कार्रवाई करने वाली टीम फर्जी तो नहीं थी, लेकिन बाद में साफ हुआ कि दिनारा रेस्ट हाउस में पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही थी। पूरे ट्रैप का नेतृत्व निरीक्षक उपेंद्र दुबे और अंजली शर्मा ने किया। टीम में प्रधान आरक्षक देवेंद्र पवैया, हेमंत शर्मा, प्रशांत कुशवाहा, अंकेश शर्मा, सुरेंद्र सेमल, आरिफ खान, बिसंबर भदौरिया, बलबीर सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। लोकायुक्त ने सरपंच दंपती के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सरकारी योजनाओं में रिश्वतखोरी पर हुई इस कार्रवाई ने पंचायतों में भ्रष्टाचार पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top