शिवपुरी। जन्मदिन को केवल उत्सव नहीं, बल्कि मानवता की मिसाल बनाने का प्रेरक संदेश नगर परिषद मगरौनी निवासी कु. आशू रामकृष्ण सिंह ने दिया है। 8 जुलाई 2026 को अपने जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज के सामने एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है।
अपने निर्णय पर भावुक होते हुए कु. आशू सिंह ने कहा कि मेरी यही इच्छा है कि जब मैं इस दुनिया में न रहूँ, तब मेरी आँखों से कोई ज़रूरतमंद इस खूबसूरत संसार को देख सके। यदि मेरे इस छोटे से निर्णय से किसी के जीवन का अंधेरा मिटे और रोशनी आए, तो मेरा जीवन सफल होगा।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
नेत्रदान का संकल्प पत्र भरने के बाद उन्होंने समाज से भी इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की। उनका कहना है कि जीते-जी इंसानियत निभाना महान है, लेकिन मृत्यु के बाद भी किसी की आँखों की रोशनी बन जाना सबसे बड़ा मानव धर्म है। कु. आशू सिंह के इस मानवीय और प्रेरणादायी कदम की मगरौनी सहित पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।


