बच्चों पर रखें कड़ी नजर, उफनते जलस्रोत और जोखिमभरे स्टंट से बचें : राघवेंद्र शर्मा
शिवपुरी। बरसात का मौसम जहां हरियाली लेकर आता है, वहीं जरा-सी लापरवाही जानलेवा हादसों का कारण भी बन सकती है। इसे देखते हुए बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने जिलेवासियों, विशेषकर अभिभावकों और किशोरों से बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से नदी, तालाब, कुएं और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों का इन स्थानों के आसपास जाना डूबने और बहने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं को न्योता दे सकता है। अभिभावक बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और उन्हें जलस्रोतों से दूर रखें। उन्होंने बताया कि वर्षाकालीन हादसों को देखते हुए मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। राघवेंद्र शर्मा ने आकाशीय बिजली से बचाव के लिए भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों, जलस्रोतों और खुले बिजली तारों से तुरंत दूर हो जाएं। यदि सुरक्षित भवन उपलब्ध न हो तो खुले स्थान पर झुककर बैठें और दोनों पैरों को आपस में मिलाकर कानों को हाथों से ढक लें। उन्होंने चेतावनी दी कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों के आसपास करंट फैलने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और बच्चों को भी वहां जाने से रोकें। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए उफनती नदियों, पुलों, तेज बहाव वाले पानी या फिसलन भरी चट्टानों पर स्टंट करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि कुछ सेकंड की वीडियो के लिए जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है। बाल संरक्षण अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वर्षाकाल में सतर्क रहें, बच्चों पर विशेष नजर रखें और सुरक्षा संबंधी सभी सावधानियों का पालन कर स्वयं व अपने परिवार को सुरक्षित रखें।


