एसपी ने अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की दी हिदायत
शिवपुरी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया ने बुधवार को पिछोर अनुभाग के थाना भौंती तथा करैरा अनुभाग के थाना अमोला एवं सुरवाया का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थानों पर पहुंचने से पुलिस अमले में सक्रियता दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों में संधारित रिकॉर्ड, महत्वपूर्ण रजिस्टर, मालखाना, हवालात एवं थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया ने अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा फरियादियों को त्वरित न्याय दिलाने के संबंध में अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित हो। निरीक्षण के दौरान एसपी ने हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण एवं लंबित वारंटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक वारंट तामील कराने के निर्देश दिए। साथ ही थानों में आने वाले आगंतुकों के बैठने एवं पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। एसपी भुटिया ने थाना परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए पुलिस अधिकारियों से कहा कि थाना केवल कानून व्यवस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान थाना प्रभारी अपने-अपने थानों पर उपस्थित रहे तथा निरीक्षण के दौरान आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की। एसपी ने तीनों थाना प्रभारियों को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सतत सक्रिय रहने के निर्देश दिए।


