पोहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 लाख की सरसों और ट्रक बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पोहरी थाना पुलिस ने चोरी और आपराधिक न्यासभंग के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 26 लाख रुपए का मशरूका बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई 120 क्विंटल सरसों और ट्रक को बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। 

पोहरी टीआई रवि चौहान के अनुसार, 5 मई 2026 को ग्राम तिघरा खोड़ निवासी दिनेश धाकड़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सरसों से भरा ट्रक, जिसमें करीब 250 क्विंटल सरसों थी और जिसकी कीमत लगभग 20.62 लाख रुपए थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गबन कर लिया गया। शिकायत पर थाना पोहरी में अपराध क्रमांक 122/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल को सक्रिय किया। पुलिस की दो विशेष टीमें मुरैना और धौलपुर रवाना की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी छोटू जाटव, राजू शर्मा चालक, जितेंद्र बाथम और व्यापारी अनिल मित्तल को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि ट्रक को पोहरी मंडी से मुरैना होते हुए धौलपुर ले जाया गया, जहां व्यापारी अनिल मित्तल की मिलीभगत से 120 क्विंटल सरसों छिपाई गई और बाकी माल को बिचौलियों के जरिए बेच दिया गया। पुलिस ने धौलपुर के रजौरा खुर्द गांव में दबिश देकर चोरी की सरसों और ट्रक बरामद कर लिया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक प्रमोद सेन सहित पोहरी थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब शेष सरसों और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

4 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार

शिवपुरी। पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने में सफलता हासिल की है। लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जानकारी के अनुसार, प्रकरण क्रमांक 178/21 एवं अपराध क्रमांक 55/15 में फरार चल रहे स्थायी वारंटी बंटी उर्फ पवन धाकड़ पुत्र रामगोपाल धाकड़ निवासी नानौरा थाना पोहरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले करीब चार वर्षों से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देश पर जिलेभर में फरार वारंटियों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी मदद के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक सीमा धाकड़, आरक्षक अरुण जादौना एवं आरक्षक सुनील धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top