स्विमिंग, स्केटिंग और डांस सीखने युवाओं में बढ़ा क्रेज
शिवपुरी। शहर में इन दिनों सुखवीर डांस एकेडमी द्वारा आयोजित समर कैम्प बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए आकर्षण का बड़ा केन्द्र बना हुआ है। यह समर कैम्प 1 मई से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। कैम्प में एक सैकड़ा से अधिक प्रतिभागी डांस, स्विमिंग, स्केटिंग, क्रिकेट, कराते और टेबिल टेनिस जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। समर कैम्प की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां मनोरंजन के साथ फिटनेस, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।मेवाड़ रिजॉर्ट में इस बार पहली बार स्विमिंग प्रशिक्षण शुरू किया गया है, जहां प्रतिभागियों को प्रशिक्षकों की निगरानी में सुरक्षित माहौल में ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके अलावा मेवाड़ रिजॉर्ट और वीर सावरकर पार्क एवं पटेल पार्क में स्केटिंग की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। वहीं हॉलीवुड्स इंटरनेशनल स्कूल में क्रिकेट, कराते, स्केटिंग और डांस की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। कैम्प में सुखवीर डांस एकेडमी के प्रशिक्षक आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार कर रहे हैं। डांस सेशन में बच्चों का उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रही है, जबकि कराते, स्केटिंग और टेबिल टेनिस में भी प्रतिभागी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सुखवीर डांस एकेडमी के संचालक सुखवीर कुशवाह ने बताया कि समर कैम्प को लेकर बच्चों के साथ-साथ महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उनका उद्देश्य शहर की प्रतिभाओं को मंच देना और गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कैम्प प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, फिटनेस और नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।


