शिवपुरी। शहर में चर्चित अपहरण और मारपीट मामले में कोतवाली पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान की गिरफ्तारी के बाद उसके दो इनामी साथियों को भी दबोच लिया है। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध 32 बोर देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए थे। अब फरार चल रहे 5-5 हजार रुपए के इनामी आरोपी टिंकल सोलंकी और राजा कुशवाह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली टीआई रोहित दुबे के अनुसार, 8 मई 2026 की रात एसपीएस स्कूल के सामने रहने वाली नीलम गुहारिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी पिछले तीन वर्षों से पुष्पेन्द्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बच्ची भी है। परेशान होकर युवती अक्टूबर 2025 में शिवपुरी लौट आई थी। आरोप है कि 8 मई की रात करीब 8:30 बजे पुष्पेन्द्र चौहान अपने 8-10 साथियों के साथ कार से घर पहुंचा और युवती व उसकी मासूम बच्ची को जबरन उठाकर ले गया। विरोध करने पर फरियादिया और उसके पति के साथ हॉकी और डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं सीएसपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे ने अलग-अलग टीमें गठित कर तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान को पडोरा पुल से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसके कब्जे से अवैध देशी पिस्टल और जिंदा राउंड बरामद हुए, जिसके बाद आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। विवेचना में टिंकल पुत्र घनश्याम सोलंकी निवासी अमोला एवं राजा पुत्र छोटेलाल कुशवाह निवासी करैरा की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को पोलो ग्राउंड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ जारी है। उक्त कार्रवाई में टीआई रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, आदित्य राजावत, अमित चतुर्वेदी, पूजा धुरैया, एएसआई प्रवीण त्रिवेदी, विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, जितेन्द्र रायपुरिया, विनय कुमार, अवतार सिंह, आरक्षक महेन्द्र सिंह तोमर, राहुल कुमार, देवेन्द्र रावत, अनूप उपाध्याय एवं साइबर सेल शिवपुरी की सराहनीय भूमिका रही।


